रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी
आज़मगढ़। उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए उस अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है, जो फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित भारतीय दस्तावेज तैयार कर रोहिंग्या, बांग्लादेशी और अन्य विदेशी नागरिकों को भारतीय नागरिक दर्शाने का षड्यंत्र रच रहा था। इस गिरोह का मुख्य सरगना समेत कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जिसमे तीन आरोपी आज़मगढ़ के रहने वाले है।
एटीएस को पिछले कुछ महीनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़, गोरखपुर, सहारनपुर, मऊ, औरैया सहित पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद व कोलकाता, बिहार के लखीसराय और कटिहार तथा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कुछ जन सेवा केंद्रों के संचालक अवैध तरीके से फर्जी आधार कार्ड बना रहे हैं। ये संचालक वीपीएन और रिमोट सिस्टम का इस्तेमाल कर बांग्लादेशी, रोहिंग्या और नेपाली नागरिकों के लिए भारतीय आधार कार्ड तैयार कर देते थे। इतना ही नहीं, पहले से बने आधार कार्डों में गलत संशोधन कर पासपोर्ट बनवाने तक की राह आसान कर दी जाती थी।
फर्जी आधार कार्डों के जरिए अपात्र विदेशी नागरिक भारत में घुसपैठ कर पासपोर्ट, अन्य सरकारी योजनाओं में अनुचित लाभ और यहां तक कि नागरिकता संबंधी दस्तावेज भी हासिल कर रहे थे। इसके एवज में वे गिरोह को भारी रकम अदा करते थे। गिरोह के सदस्य अवैध रूप से जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और शपथ पत्र तैयार कराते थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर नए आधार कार्ड बनवा दिए जाते थे या पुराने कार्डों में संशोधन कर दिया जाता था।
एटीएस ने बीते मंगलवार को सुसंगत धाराओं में थाना आतंकवाद निरोधक दस्ता, लखनऊ में दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद लगातार उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में दबिश डालकर अब तक कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, फिंगर स्कैनर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, फर्जी भारतीय दस्तावेज और बने हुए आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहम्मद नसीम पुत्र अब्दुल करीम मंदे, आजमगढ़, मोहम्मद शाकिब पुत्र अबरार अहमद मंदे, आजमगढ़, विशाल कुमार पुत्र भीमराज ग्राम भदाव पोस्ट मालतारी, थाना बिलरियागंज, आज़मगढ़, हिमांशु राय पुत्र हीरा राय ग्राम सरसेना पो. छपरा, मऊ, सलमान अंसारी पुत्र महबूब हसन इंदिरा बिहार खौ खौरा कॉलोनी, गाजियाबाद, गौरव कुमार गौतम पुत्र पन्नेलाल जुआ बिधुना, औरैया, राजीव तिवारी पुत्र अवधेश तिवारी चौरी चौरा, गोरखपुर, मृत्युंजय गुप्ता पुत्र श्रीकृष्ण गुप्ता ग्राम मदापुर समसपुर, थाना घोसी, मऊ शामिल है।
एटीएस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ आवश्यक है। इसके लिए पुलिस कस्टडी रिमांड हेतु न्यायालय से अनुरोध किया जाएगा। रिमांड पर मिलने के बाद इस गिरोह से जुड़े और भी लोगों के नाम उजागर होने की संभावना है।
