आजमगढ़। सोमवार को ड्यूटी से लौटने के कुछ ही समय बाद हेड कांस्टेबल वीरेंद्र प्रताप सिंह यादव का हृदयाघात से निधन हो गया। मंगलवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई, जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने उन्हें अंतिम सलाम किया।


सोमवार को लगभग शाम 7 बजे थाना अतरौलिया में डायल–112 पर नियुक्त हेड कांस्टेबल वीरेंद्र प्रताप सिंह यादव) छठ पूजा ड्यूटी पूर्ण कर थाना परिसर लौटे थे। बैरक में पहुंचने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। थाना पर मौजूद अधिकारीगण और कर्मचारियों ने तत्काल सीपीआर (CPR) देने के साथ ही उन्हें एंबुलेंस से 100 शैय्या चिकित्सालय, अतरौलिया भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताया गया।

दिवंगत हेड कांस्टेबल वीरेंद्र प्रताप सिंह यादव, पुत्र विश्वनाथ यादव, निवासी ग्राम देउवापुर, थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रहने वाले थे। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई। मंगलवार को पुलिस लाइन  में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।