आजमगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बहुउपयोगी प्रचार वाहन के माध्यम से आमजनमानस को उनके कानूनी अधिकारों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने की पहल शुरू की है। यह वाहन 22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित मेगा शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती नितिका राजन ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के अध्यक्ष एवं मा० जनपद न्यायधीश श्री जय प्रकाश पाण्डेय के दिशा निर्देशों के अनुपालन में यह बहुउपयोगी प्रचार वाहन आज प्रातः 10.00 बजे रवाना किया गया।
सचिव ने बताया कि यह वाहन दूर-दराज के क्षेत्रों में आमजनमानस को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने, लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान, निःशुल्क विधिक सेवा और नालसा हेल्पलाइन नंबर से अवगत कराने के लिए उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने आमजनमानस से अपील की है कि वे 22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित मेगा शिविर में उपस्थित होकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएँ और इसके लिए सम्बन्धित विभाग में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें।