रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। भ्रष्टाचार निरोधक संगठन (विजिलेंस) की आजमगढ़ इकाई ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर तहसील में तैनात राजस्व लेखपाल प्रमोद कुमार सरोज को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। नक्शा दुरुस्ती के नाम पर की गई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक सदर तहसील क्षेत्र के जोरइनामी गांव निवासी अमित कुमार सिंह ने विजिलेंस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि न्यायालय के आदेश पर गाटों का नक्शा दुरुस्त कराने के लिए लेखपाल ने पांच हजार रुपये की मांग की है। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे  सदर तहसील परिसर में ही आरोपी को रिश्वती नोटों के साथ धर दबोचा।

गिरफ्तारी की कार्यवाही दो सरकारी साक्षियों की मौजूदगी में की गई, जिससे पूरे प्रकरण की वैधानिकता सुनिश्चित की जा सके। ट्रैप टीम प्रभारी ब्रजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।