आजमगढ़। जिले के मेंहनगर तहसील के लेखपाल सभाजीत राम को विवादित भूमि पर कब्जा परिवर्तन और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति अमर्यादित व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसडीएम प्रशांत कुमार ने की। आदेश के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से राजस्व कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, लखनपुर निवासी रामबचन पुत्र बनवारी ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। जांच में पाया गया कि बीबीपुर गाटा संख्या 484 पर रामबचन के नाम से संक्रमणीय भूमिधर दर्ज है, जबकि उनके भाई लोचन ने यह भूमि किरण पत्नी अनिल और सीमा पत्नी लाल जी को बैनामा कर दी थी।

लेखपाल सभाजीत राम पर आरोप है कि उन्होंने बिना सक्षम आदेश के उक्त विवादित भूमि पर कब्जा परिवर्तन करा दिया। यह कार्य न केवल राजस्व परिषद व शासनादेशों का उल्लंघन है बल्कि इससे क्षेत्रीय शांति भंग होने की आशंका भी उत्पन्न हो गई। मामला वर्तमान में तहसीलदार (न्यायिक) की अदालत में विचाराधीन है और अगली सुनवाई 22 अगस्त को निर्धारित है।

इस बीच, 18 अगस्त को तहसील दिवस के दौरान जब उच्च अधिकारियों ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा तो उन्होंने खुलेआम कहा मैंने कई बार कब्जा करवाया है, जो करना है कर लीजिए, मैं देख लूंगा। यह टिप्पणी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन मानी गई।

निलंबन अवधि में सभाजीत राम को वित्तीय हस्तपुस्तिका के तहत निर्वाह भत्ता मिलेगा तथा उन्हें प्रतिदिन राजस्व निरीक्षक कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करनी होगी।