रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। त्योहारों से पहले शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एम्बुलेंस का सहारा लेकर हो रही शराब तस्करी का खुलासा करते हुए महिला समेत तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 235 बोतलें अवैध शराब, चार फर्जी नंबर प्लेट और एक एम्बुलेंस बरामद की गई है। पुलिस की यह कार्रवाई जहानागंज थाना क्षेत्र के बजहा पुल के पास हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी जहानागंज अतुल कुमार मिश्र व एसओजी प्रभारी मो. सहबान के नेतृत्व में रविवार को संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एम्बुलेंस वाहन को रोका गया, जहां से तीन तस्कर पकड़े गए।

गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के सीतामढ़ी निवासी 22 वर्षीय किशन कुमार, वैशाली निवासी 35 वर्षीय वरुण कुमार साहनी और मुजफ्फरपुर निवासी 40 वर्षीय विभा देवी के रूप में हुई है। तलाशी में एम्बुलेंस से 176 लीटर (235 बोतल) अवैध शराब, चार नकली नंबर प्लेट और एक फास्टेड बॉक्स बरामद हुआ।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लेकर बिहार में सप्लाई करते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए एम्बुलेंस का इस्तेमाल करते थे। वहीं फर्जी नंबर प्लेट जरूरत के अनुसार गाड़ी में बदलकर लगाते थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना जहानागंज में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह का कहना है कि त्योहारों से पहले इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी और किसी भी हाल में शराब तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।