आज़मगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बालिग युवक-युवती के वैवाहिक विवाद को समझाइश और परामर्श से सुलझा लिया। पुलिस की मध्यस्थता के बाद अब दोनों की शादी होगी।
शहर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने मिशन शक्ति केंद्र पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री को पड़ोसी युवक शुभम (पुत्र राजकुमार) बहला-फुसलाकर ले गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार, कांस्टेबल रणवीर यादव, हेड कांस्टेबल हरेंद्र यादव, महिला कांस्टेबल नीरजा सिंह और महिला होमगार्ड शिखा सिंह की टीम ने जांच शुरू की।
जांच में पाया गया कि दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से विवाह करना चाहते हैं। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर वार्ता की गई। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों परिवारों ने विवाह के लिए सहमति दे दी।
आवेदक ने पुलिस की कार्यवाही से संतोष जताया और किसी अन्य कार्रवाई की आवश्यकता नहीं बताई।
