आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र की नई बस्ती में सोमवार को पुलिस दबिश के दौरान मदरसा संचालक की मौत के मामले में मंगलवार को मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। जिसमें मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। रिपोर्ट के बाद पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को लेकर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, जबकि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
गौरतलब है कि रौनापार थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी मदरसा संचालक की मौत सोमवार को उस समय हो गई थी, जब पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए दबिश देने पहुंची थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाते हुए थाने का घेराव और हंगामा किया था।
मामले में मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मृतक के शव का चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट रूप से हार्ट अटैक अंकित किया गया है।
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी या आंतरिक चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। चिकित्सकीय परीक्षण में यह पूर्णतः प्रमाणित हुआ है कि मृतक की मृत्यु का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) ही है। मामले में विधिक प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
