रिपोर्ट: आशीष निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया स्थित अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैया संयुक्त जिला चिकित्सालय में देर रात बंद पड़े जनरेटर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। समय रहते अस्पताल कर्मचारियों और दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब 11 बजे की है, जब अतरौलिया स्थित अस्पताल परिसर में लगे 125 केवीए के ऑटोमेटिक जनरेटर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि जनरेटर बंद अवस्था में था, तभी उसमें रिटर्न करंट आने से स्पार्क हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के पेड़-पौधे भी झुलस गए और पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद चौकीदारों ने तत्काल फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक अस्पताल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। गनीमत रही कि आग अस्पताल की मुख्य इमारत तक नहीं पहुंची, क्योंकि जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके कुछ ही दूरी पर प्रसूति वार्ड में मरीज भर्ती थीं।
स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश सिन्हा ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। मौके पर थाना अध्यक्ष व फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
