आजमगढ़ । जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। हल्का लेखपाल की तहरीर पर 39 लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के जेठहरी गांव में सरकारी अभिलेखों में दर्ज चकमार्ग की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। बीते शनिवार को मार्टीनगंज तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में जेठहरी गांव के हल्का लेखपाल सुरेंद्र यादव ने लिखित तहरीर देकर बताया कि गाटा संख्या 399/0.007 हे० एवं गाटा संख्या 389 रकबा 0.042 हे०, जो सरकारी अभिलेख में चकमार्ग खाते की भूमि दर्ज है, पर केदार, गर्गवंश, ओमप्रकाश, जयप्रकाश, पद्मावती, विजय, किरन सिंह, प्रमोद, वशिष्ठ, विजयमल, दिनेश समेत कुल 39 लोगों द्वारा जोत-बोकर खेती करने और सेफ्टी टैंक बनाकर अवैध कब्जा किया गया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत 39 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि लेखपाल की शिकायत पर संबंधित धाराओं में केस पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
