आजमगढ़। सोशल मीडिया में वायरल हुए मार्टीनगंज एसडीएम के चैंबर के कथित वीडियो को लेकर मार्टीनगंज एसडीएम दिव्या सिकरवार ने शनिवार की शाम अपना बयान जारी किया। एसडीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो करीब दो वर्ष पुराना है और इस प्रकरण में उस समय ही आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि इस वीडियो को दोबारा वायरल न किया जाए।

एसडीएम दिव्या सिकरवार ने बताया कि वायरल वीडियो पुरानी तहसील के भवन का है और यह मार्च 2024 का है। उस समय मार्टीनगंज तहसील में तैनात तत्कालीन एसडीएम द्वारा पूरे मामले की जांच कराई गई थी। जांच के बाद संबंधित आख्या उच्चाधिकारियों को भेज दी गई थी। इसके बावजूद अब इस पुराने वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है, जिससे तहसील और प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताते चलें कि वायरल वीडियो में कथित रूप से एसडीएम के चैंबर के अंदर एक शराब की बोतल, तीन पानी की बोतलें, एक नमकीन का पैकेट और ग्लास रखे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही वीडियो में एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति से सिगरेट लेते हुए भी नजर आ रहा है।

एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि पुराने वीडियो को आगे साझा न किया जाए, ताकि अनावश्यक भ्रम और अफवाहों से बचा जा सके।