रिपोर्ट:अरुण यादव
आजमगढ़ । शहर कोतवाली क्षेत्र के बदरका मोहल्ले में मंगलवार की देर रात एक कबाड़ के गोदामा में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि आसपास के घरों तक धुआं फैल गया और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार, बदरका मोहल्ले की घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित पिंटू उर्फ छोटू नामक व्यक्ति का कबाड़ गोदाम मंगलवार की देर रात अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज़ हो गईं कि आसपास के मकान भी इसकी जद में आने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी इसी गोदाम में आग लगी थी, लेकिन सुरक्षा के दृष्टिकोण से गोदाम को आबादी से दूर नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि इस बार आग पटाखों की चिंगारी या किसी रासायनिक पदार्थ के कारण लगी हो सकती है।
फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस ने कबाड़ दुकान के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए गोदाम को घनी आबादी से हटाया जाए।
