रिपोर्ट: दीपक चौरसिया

आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कस्बे के  हनुमानगढ़ी के पास बीती रात एक बैटरी हाउस में शार्ट सर्किट से अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। शॉर्ट सर्किट से लगी यह आग धीरे-धीरे भड़कती गई और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार बाहर निकल आया और कोई जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के अनुसार कप्तानगंज कस्बा निवासी बजरंगी जायसवाल पुत्र स्व. महेंद्र जायसवाल का घर पर बैट्री-इन्वर्टर की दुकान एक ही परिसर में है। रोज़ की तरह परिवार रात में सो रहा था। बताया जा रहा है कि करीब एक बजे घर के अंदर अचानक धुआँ भरने लगा, जिससे परिवार के लोग घबरा गए।

जब वे बाहर निकले तो देखा कि दुकान में आग तेजी से फैल चुकी है और लपटें ऊपर तक उठ रही थीं। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। मोहल्ले के लोगों ने मिलकर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी और दुकान के अधिकांश सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

इस आग में कई कंपनियों की बैट्रियां, इन्वर्टर, पार्ट्स, तारें और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित दुकानदार बजरंगी जायसवाल के मुताबिक इस हादसे में 65 हज़ार नकद समेत लगभग 13 से 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की संभावना बताई जा रही है।