आजमगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के एक सदस्य को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 5500 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी कई जनपदों में धोखाधड़ी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

पीड़िता आशा पत्नी रामप्रवेश निवासी ग्राम छतौरा थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ ने कोतवाली थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि सात फरवरी 2026 को वह चिरैयाकोट से आजमगढ़ आ रही थीं। शंकर तिराहा सिधारी पर उतरकर पैदल काली चौरा जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने ग्रह दशा ठीक करने की बात कहकर उन्हें बातों में उलझा लिया और उनकी सोने की चेन, अंगूठी तथा दो हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सर्विलांस सेल और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 13 मार्च की रात  बंधा रोड ठंडी सड़क के पास से आरोपी लईक उर्फ लकी पुत्र तौफिक निवासी ग्राम ठंडानाला गुलरभोज थाना गदरपुर जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड  को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 5500 रुपये नकद, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर कई जनपदों में इसी तरह की टप्पेबाजी और धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और सोनभद्र समेत कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।