रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आज़मगढ़। अतरौलिया ब्लॉक के पूर्व प्रमुख एवं क्षेत्र के जनप्रिय इतिहास पुरुष स्वर्गीय माया प्रसाद यादव की 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर स्मृति दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 जनवरी 2026, दिन रविवार को प्रातः 10 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय, अतरौलिया में संपन्न होगा।
समारोह में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आजमगढ़ सांसद माननीय धर्मेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय बलराम यादव, सदस्य विधान परिषद / पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव (सपा) करेंगे।
आयोजन को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय माया प्रसाद यादव के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहितकारी योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। वक्ताओं द्वारा उनके संघर्षपूर्ण जीवन, संगठनात्मक क्षमता तथा क्षेत्र के विकास में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी अतरौलिया के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
समारोह को सफल बनाने में ब्लॉक प्रमुख अतरौलिया चंद्रशेखर यादव एवं अतरौलिया विधायक डॉ. संग्राम यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भूमिका रही है। आयोजकों ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्मृति दिवस समारोह को गरिमा प्रदान करने की अपील की है।
