आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में वीर बालक दिवस के अवसर पर मिशन अस्पताल सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता मौजूद रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर को वीर बालक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में मिशन अस्पताल की सभागार में संगोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने कहा कि वीर बाल दिवस हर वर्ष 26 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों जोरावर सिंह (8 वर्ष) और फतेह सिंह (5 वर्ष) के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है।
सुनील गुप्ता ने बताया कि मुगल शासक औरंगज़ेब के समय साहिबजादों को मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने अपने धर्म को छोड़ने से इनकार कर दिया। इसके कारण उन्हें अमानवीय यातनाओं के बाद जीवित दीवार में चुनवा दिया गया। उन्होंने कहा कि साहिबजादों की यह वीरता यह सिद्ध करती है कि उम्र कभी साहस की माप नहीं होती। 8 और 5 वर्ष की उम्र में भी साहिबजादों ने जिस प्रकार साहस और वीरता का परिचय दिया, वह पूरे विश्व में अद्वितीय है। उनका बलिदान हमेशा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
इस कार्यक्रम में अखिलेश मिश्रा गुड्डू, डा श्याम नारायण सिंह, डा अशोक सिंह, प्रेम नारायण पांडे, हरेंद्र सिंह, अशोक सोनकर, राजू सरदार, परमजीत सरदार, विनय प्रकाश गुप्ता, मृगांक शेखर सिन्हा, विधायक सिंह सरदार सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
