आज़मगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित आज़मगढ़/लालगंज जिला की संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आज़मगढ़ प्रभारी अनिल राजभर ने केंद्र सरकार की नीतियों, जी राम जी अधिनियम और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछली गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ती है और आज़मगढ़ को वर्ष 2027 में जीतने के लिए पूरी जी-जान लगा देगी। साथ ही जी राम जी अधिनियम को गांवों के लिए ऐतिहासिक बताते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव करार दिया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शीतकालीन सत्र के दौरान अति महत्वपूर्ण जी राम जी अधिनियम को पारित कर ग्रामीण जीवन को नई दिशा दी है। इस अधिनियम के लागू होने से गांवों में रोजगार, विकास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यह एक मजबूत आधार बनेगा।
उन्होंने बताया कि जहां मनरेगा के अंतर्गत पहले 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी, वहीं अब जी राम जी अधिनियम के तहत 125 दिनों के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की गई है। साथ ही योजना के अंतर्गत काम करने वाले श्रमिकों को एक सप्ताह के भीतर मजदूरी का भुगतान अनिवार्य होगा। यदि किसी कारणवश भुगतान में देरी होती है तो बकाया मजदूरी पर ब्याज भी दिया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि खेती-किसानी के समय मजदूरों की आवश्यकता को देखते हुए उस अवधि में अभियान को रोका जाएगा। यदि किसी ग्राम सभा में 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराना संभव नहीं हुआ तो सरकार बेरोजगारी भत्ता भी देगी। उन्होंने बताया कि गांव के विकास का पूरा रोडमैप अब ग्राम पंचायत स्तर पर तैयार किया जाएगा और उसी के आधार पर बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को इस अधिनियम के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी और संगठित क्षेत्र की योजनाओं का लाभ अब असंगठित मजदूरों तक भी पहुंचेगा।
इसके साथ ही प्रभारी मंत्री ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि हम पिछली गलतियों से सीख लेंगे, हम हारते नहीं बल्कि सीखते हैं। आज़मगढ़ को वर्ष 2027 में जीतने के लिए पार्टी पूरी जी-जान लगा देगी। राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व की रणनीति को जमीन पर उतारकर सफलता हासिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति देश के लिए बेहद उपयोगी है और भाजपा इसके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित कराएगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष आजमगढ़ सदर ध्रुव सिंह, लालगंज के जिलाध्यक्ष हनुमंत सिंह, ऋषिकांत राय, सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, संतोष सिंह, घनश्याम पटेल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
