रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।    सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर महिला की फोटो का एआई तकनीक से दुरुपयोग करते हुए अश्लील/आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने वाले अभियुक्त को साइबर सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है।

कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने जनशिकायत प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी फोटो का AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के माध्यम से अश्लील/आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने व बदनाम करने की धमकी दी। इस घटना से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी साइबर सेल ने जांच के आदेश दिए। साइबर सेल, जनपद आजमगढ़ ने त्वरित और तकनीकी जांच करते हुए फर्जी आईडी के संचालक की पहचान की और पूरे प्रकरण का खुलासा कर थाना कोतवाली को सूचना दी।

साइबर सेल और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने अभियुक्त सत्यम मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा, निवासी बरहपुर, पोस्ट गरेडुआ, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर अपराध संबंधी घटना होने पर तत्काल साइबर सेल, नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।