रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आज़मगढ़। क्षेत्र के सेनपुर स्थित विधायक आवास पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव तथा पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव के पैतृक आवास पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। पूरे परिसर में उत्साह और भाईचारे का वातावरण रहा। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर रंग लगाया और पारंपरिक अंदाज में होली की बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और मोहब्बत का पर्व है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में भले ही भाषा, वेशभूषा और रंग-रूप अलग-अलग हों, लेकिन सभी मिलकर भारत की खूबसूरती को बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि होली के बाद ईद का त्योहार आएगा, इस समय रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और शीघ्र ही नवरात्र भी प्रारंभ होंगे। ऐसे में सभी धर्मों के प्रति सम्मान और सौहार्द की भावना बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने संविधान की मूल भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि हम सबको मिलकर देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
विधायक ने कहा कि जिस प्रकार अलग-अलग रंग मिलकर इंद्रधनुष बनाते हैं, उसी प्रकार विविधता में एकता ही भारत की पहचान है। उन्होंने समाज में सौहार्द और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
समारोह में उपस्थित लोगों ने भी एक स्वर में कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलकर ही देश और समाज की तरक्की सुनिश्चित कर सकते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान रंगों की छटा और उत्साह देखते ही बन रहा था।
