आजमगढ़ । जनपद में  पुलिस–पब्लिक समन्वय को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पुलिस ने एक ही दिन में दो नवनिर्मित पुलिस बूथों का उद्घाटन किया। बिलरियागंज क्षेत्र के पटवध कौतुक व तहबरपुर क्षेत्र के तहबरपुर तिराहे पर तैयार किए गए इन पुलिस बूथों का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार  द्वारा शनिवार को फीता काटकर किया गया।

उद्घाटन के उपरांत एसएसपी ने दोनों क्षेत्रों के वरिष्ठ एवं सम्भ्रान्त नागरिकों से संवाद किया। इस वार्ता का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में सहयोग बढ़ाना तथा जनसहयोग के माध्यम से अपराध नियंत्रण को मजबूत करना था। संवाद के दौरान पुलिस–पब्लिक सहभागिता को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने कहा कि इन बूथों के शुरू होने से दोनों क्षेत्रों में पुलिस की स्थानीय उपलब्धता, गश्त, निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में और अधिक मजबूती आएगी, साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना भी बढ़ेगी। नवनिर्मित बूथों के संचालन से क्षेत्र में पुलिस की सतत मौजूदगी सुनिश्चित होगी। गश्त, सहायता और शिकायत निस्तारण प्रक्रियाओं में गति व पारदर्शिता आएगी, जिससे आमजन की सुरक्षा भावना में वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, संबंधित क्षेत्राधिकारी, दोनों थानों के अधिकारी–कर्मचारी और स्थानीय क्षेत्र के वरिष्ठ एवं सम्भ्रान्त व्यक्ति उपस्थित रहे।