रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले  के हरिहरपुर स्थित संगीत महाविद्यालय क्षेत्र में बने एक मकान को बुलडोजर से ध्वस्त किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई को लेकर आजमगढ़ लोकसभा सांसद धर्मेंद्र यादव ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

हरिहरपुर में रामजतन गोंड़ और रामनयन गोंड़ का बना-बनाया मकान बुलडोजर लगाकर गिरा दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर आजमगढ़ लोकसभा सांसद धर्मेंद्र यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
इस दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पी.डी.ए. वर्ग के लोगों के साथ लगातार दमन, उत्पीड़न और अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल पी.डी.ए. परिवार से होने के कारण रामजतन गोंड़ और रामनयन गोंड़ का मकान मनमाने तरीके से गिराया गया, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं।


सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी जुल्म और अत्याचार के खिलाफ कभी चुप नहीं बैठेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार को तानाशाही करार देते हुए कहा कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, किसानों, छात्रों, नौजवानों और बेरोजगारों पर लगातार अत्याचार हो रहा है तथा चारों ओर भ्रष्टाचार व्याप्त है।


वहीं समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में संविधान और लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और पी.डी.ए. वर्ग के लोगों का सुनियोजित तरीके से दमन किया जा रहा है।


इस मौके पर पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, अजीत कुमार राव, पप्पू कुमार यादव, जवाहिर यादव, बिबेक सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।