आज़मगढ़।  स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जारी स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में मुबारकपुर नगरपालिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं प्रदेश स्तर पर भी मुबारकपुर ने 67वां स्थान प्राप्त कर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

जनपद आजमगढ़ से इस सर्वेक्षण में कुल तीन नगर पालिकाएं और 13 नगर पंचायतें सम्मिलित हुईं। मुबारकपुर नगरपालिका परिषद ने जहां जनपद में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया, वहीं नगर पालिका परिषद आजमगढ़ को प्रदेश में 71वां और बिलरियागंज नगरपालिका को 529वां स्थान प्राप्त हुआ।

नगर पंचायतों की बात करें तो, अजमतगढ़ ने 286वां, निजामाबाद ने 374वां, जहानागंज ने 388वां, जीयनपुर ने 389वां, कटघर लालगंज ने 432वां, सरायमीर ने 437वां, बुढ़नपुर ने 488वां, मेहनगर ने 566वां, माहुल ने 647वां, मार्टीनगंज ने 652वां, अतरौलिया ने 653वां, महराजगंज ने 690वां और फूलपुर ने 758वां स्थान प्राप्त किया। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि स्वच्छता के प्रति जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में प्रयास किए जा रहे हैं।

इस सफलता पर मुबारकपुर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्र ने कहा कि यह उपलब्धि केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि नगरवासियों की जागरूकता और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि हमें मिलकर इस मान को और ऊंचाई पर ले जाना है।