अज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या का आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने कुछ दिन पहले आपसी विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी और फरार चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार थाना मुबारकपुर क्षेत्र के इस्लामपुरा मोहल्ले में 3 अप्रैल की रात पड़ोसी विवाद के चलते एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। इस घटना में वादी नौशाद अहमद के पुत्र मोहम्मद हस्सान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में नामजद आरोपी इरफान पुत्र अब्दुल मन्नान घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। 5 अप्रैल को उपनिरीक्षक मुरारी मिश्र अपनी टीम के साथ गश्त और चेकिंग पर थे, तभी मुखबिर की सूचना पर दामोदरपुर मार्ग पर घेराबंदी की गई। संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी द्वारा दोबारा फायरिंग का प्रयास करने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, मोबाइल फोन, सफेद धातु की बिछिया और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

सीओ आस्था जायसवाल ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने आपसी विवाद में मोहम्मद हस्सान को चाकू मार दिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार था और पुलिस से बचने के लिए फायरिंग की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।