आज़मगढ़। जिले में यातायात माह नवम्बर  के तहत आज एक प्रेरक और अनूठी पहल सामने आई, जब दिव्यांगजन स्वयं सड़क सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सड़क पर उतरे। अग्रसेन चौराहे पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में दिव्यांगजनो ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर हेलमेट, सीटबेल्ट, गति नियंत्रण और सुरक्षित ड्राइविंग जैसे जरूरी नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। समाज की सहभागिता से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की इस पहल की आमजन ने खूब सराहना की।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ के निर्देशन में यातायात माह नवम्बर के अंतर्गत पूरे जनपद में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी नगर  शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में सर्वसमाज को जोड़ने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। दिव्यांगजन समुदाय से विशेष अपील की गई कि वे सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होकर समाज को जागरूक करें। इस अपील का सकारात्मक परिणाम तब देखने को मिला जब जिला दिव्यांग अधिकारी की उपस्थिति में शनिवार को थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत अग्रसेन चौराहे पर दिव्यांगजनो द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सड़क सुरक्षा से जोड़ना, दिव्यांगजनो की सहभागिता से यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना तथा आमजन में सुरक्षित यातायात के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना था। कार्यक्रम में दिव्यांगजनो ने चौराहे से गुजर रहे वाहन चालकों को हेलमेट लगाने, सीटबेल्ट बांधने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और एम्बुलेंस को प्राथमिकता देने जैसे महत्वपूर्ण नियमों के बारे में जागरूक किया। ट्रैफिक पुलिस और दिव्यांगजनो ने संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रसारित किया, जिसे देखने वाले नागरिकों ने सराहना करते हुए नियमों का पालन करने की शपथ ली।

इस अवसर पर जिला दिव्यांग अधिकारी, यातायात पुलिस टीम, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।