आज़मगढ़। जिले में गुरुवार को जुनैदगंज स्थित अरिहंत सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का भव्य उद्घाटन भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही अस्पताल प्रबंधन ने बड़ा मानवीय संकल्प दोहराया कि पैसे के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकेगा।
उद्घाटन समारोह में राकेश त्रिपाठी ने कहा कि यह अस्पताल पूर्वांचल के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार मजबूत हो रही हैं और अरिहंत सुपर स्पेशलिटी अस्पताल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
आजमगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है और यह अस्पताल उसी का ताजा उदाहरण है
अस्पताल प्रबंधन ने घोषणा की कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सप्ताह में एक दिन निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर जरूरतमंद लोगों को परामर्श भी दिया जाएगा, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. आर.एन. यादव ने कहा कि धन की कमी किसी के इलाज में बाधा नहीं बनेगी। अस्पताल के माध्यम से सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी मरीजों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में त्रिलोकी नाथ गुप्ता, राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि अब बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और गरीब व बेसहारा मरीजों को जिले में ही आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
