आज़मगढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही एकता यात्रा सोमवार को मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी धूमधाम से निकाली गई। सुबह से ही कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लोगों का उत्साह देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक भारी संख्या में इकट्ठा हुए और लोह पुरुष सरदार पटेल को नमन करते हुए यात्रा के साथ आगे बढ़े।
यात्रा की शुरुआत मुबारकपुर से हुई, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान को याद किया। हजारों की भीड़ भारत माता की जय, वंदेमातरम् और भाजपा के समर्थन में गूंजते नारों के साथ आगे बढ़ती रही। यात्रा का जगह-जगह लोगों नेस्वागत किया।
यह जनसमूह जब सड़कों पर आगे बढ़ा तो क्षेत्र में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बन गया। यात्रा मुबारकपुर कस्बे से आगे बढ़ते हुए सठियांव बाजार तक पहुंची, जहां भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। सभा स्थल पर पहले से ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे पूरा क्षेत्र मानो जनसभा स्थल में बदल गया।
यात्रा में जनपद के प्रभारी व मंत्री अनिल राजभर, पूर्व सांसद तथा लोकप्रिय अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह, भाजपा नेता रामदर्शन यादव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद निरहुआ ने कहा कि एकता यात्रा सरदार पटेल की उस भावना का प्रतीक है, जिसने देश को एक धागे में पिरोया। उन्होंने बताया कि यह यात्रा प्रदेश की हर विधानसभा में निकाली जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग राष्ट्रीय एकता का संदेश समझ सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा समाज को जोड़ने और देश को मजबूत बनाने का काम कर रही है।
मुबारकपुर से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी अरविंद जायसवाल ने कहा कि आज की यात्रा ने यह साबित कर दिया कि क्षेत्र की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और एकता के संकल्प के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भीड़ का यह जनसमूह बताता है कि मुबारकपुर में भाजपा की पकड़ और मजबूत हो रही है।
