आजमगढ़। श्री राणी सती श्याम भक्त मंडल की ओर से रविवार को मारवाड़ी धर्मशाला परिसर से श्याम प्रभु की निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत सीओ सिटी शुभम तोदी और उनकी पत्नी अंजलि तोदी ने निशान उठाकर की। इस दौरान भक्त मंडल के कार्यकर्ता पूरे रास्ते अबीर और गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं के जोश को बढ़ा रहे थे।
निशान यात्रा से पूर्व धर्मशाला परिसर में श्याम प्रभु का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया और झांकी को गाड़ी पर सजाया गया। यात्रा सब्जी मंडी चौराहे से पुरानी कोतवाली, आसिफगंज और मुख्य चौक होते हुए मातबरगंज, बड़ादेव होते हुए बिन्नानी गार्डेन तक पहुंची। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जलपान की व्यवस्था भी की गई।
रास्ते में महिलाएं और पुरुष कदम से कदम मिलाकर श्याम प्रभु की भक्ति में झूमते रहे। झांकी पर सजी खाटू श्याम की आकर्षक मूर्ति हर किसी का ध्यान खींच रही थी। लोग श्याम भजन और गीतों पर नाचते हुए यात्रा को आगे बढ़ाते रहे। रास्ते में आने-जाने वाले श्रद्धालु श्याम प्रभु के समक्ष माथा टेककर ही आगे बढ़ते दिखे।
इस मौके पर शुभम तोदी, भोला जालान, गौरव अग्रवाल, अशोक रूंगटा, अशोक शर्मा, विनय रूंगटा, पारूल रूंगटा, परितोष रूंगटा, अमित अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमृत अग्रवाल, दीपक खंडेलिया, शोभित अडूकिया, दीपक अडूकिया, अंजू अग्रवाल सहित कई श्रद्धालु उपस्थित थे।
यात्रा का समापन बिन्नानी गार्डेन में निशान को सुरक्षित रखकर हुआ। मंडल के लोग 25 फरवरी को इसे लेकर खाटू श्याम की ओर रवाना होंगे। इस भव्य आयोजन ने पूरे शहर में फागुन के उत्सव और श्याम भक्ति की झलक दिखाई।
