रिपोर्ट; एसपी त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के कंधरापुर क्षेत्र के ग्राम मीरिया रेहड़ा में स्थापित श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड डेयरी प्रोजेक्ट का आज भव्य उद्घाटन किया गया। इस डेयरी के शुरू होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यहां से प्रतिदिन दूध दिल्ली की मदर डेयरी को भेजा जाएगा, जिससे स्थानीय पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा।
मिली जानकारी के अनुसार डेयरी के प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस प्लांट से लगभग 1 लाख लीटर दूध प्रतिदिन दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 8 टैंकर और 35 पिकअप वाहन लगाए गए हैं, जो गांव-गांव जाकर पशुपालकों के घरों से दूध संग्रह करेंगे। इस योजना से 165 गांवों को जोड़ा गया है, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इस पूरी व्यवस्था में 3833 महिला सदस्य भी सक्रिय रूप से जुड़ी हैं, जो इस पहल को महिला सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण बनाती हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन के दौरान कहा कि यह डेयरी केंद्र 56 हजार बहनों की मेहनत का परिणाम है और आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश दे रहा है। उन्होंने डेयरी प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं तो एक पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है। विकसित भारत के निर्माण के लिए महिलाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है।
