रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। देवों के देव महादेव की भक्ति के माह सावन का पहले दिन शुक्रवार को नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवालय हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठे। सभी शिवालयों में सुरक्षा के लिए वालेंटियरों के साथ पुलिस तैनाती रही। जबकि प्रमुख शिवालयों पर सीसीटीवी कैमरे से अराजकतत्वों पर निगरानी भी की जा रही है। सावन माह में भगवान शिव के अराध्य का बड़ा महत्व है। इसका वर्णन शिव महापुराणों में भी किया गया है। पूरे सावन माह में शिव की पूजा-अर्चन के साथ ही जलाभिषेक होता है। कथा-पूजन, हरिकीर्तन के अलावा रूद्राभिषेक भी श्रद्धालु करते हैं।
सावन के पहले दिन शिवालयों पर पूजन-अर्चन व जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का आने का क्रम अलसुबह से ही शुरू हो गया है। मंदिरों पर घंटा-घड़ियाल, बम-बम भोले के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठता है। मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने के मद्देनजर मंदिर के व्यवस्थापकों द्वारा सभी प्रमुख मंदिरों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक दिन पूर्व ही बास-बल्ली व रस्सा बांधकर बैरिकेडिंग कर दी गयी है। इसी के साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स के अलावा वालेंटियर भी लगाए गए हैं। नगर से सटे भंवरनाथ मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
