रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के थाना निजामाबाद क्षेत्र में ग्राम प्रधान पर जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसी क्रम में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रधान को जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली मारने की गंभीर घटना सामने आई थी। इस मामले में जिलाधिकारी आजमगढ़ एवं पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के अनुमोदन के उपरांत दिनांक 27 मई 2025 को थाना निजामाबाद पर उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत कुल छह अभियुक्तों सुशील यादव उर्फ बिट्टू, दुबई यादव, पप्पू यादव, प्रियांशु यादव, अजीत यादव उर्फ मोनू तथा प्रवीण यादव के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस के अनुसार इस गैंग का सरगना सुशील यादव उर्फ बिट्टू है, जबकि मामले की विवेचना उप निरीक्षक राजनरायण पाण्डेय को सौंपी गई है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई के तहत शुक्रवार को थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति-सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गैंगस्टर अभियोग से संबंधित वांछित अभियुक्त प्रियांशु यादव को शेरपुर तिराहे से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त प्रियांशु यादव पुत्र पप्पू यादव, निवासी चुनहटा, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ बताया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
