आजमगढ़। जिले  में बालश्रम उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने दीदारगंज व मार्टिनगंज क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर सात बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।


निदेशक मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन में बच्चों के दुर्व्यापार की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन रक्षा’ विशेष अभियान एवं बालश्रम उन्मूलन अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में बुधवार  को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) और श्रम विभाग की संयुक्त टीम जिसमे अभियान में थाना एएचटी प्रभारी अभयराज मिश्र, उप निरीक्षक जितेन्द्र बहादुर सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप सिंह व नजरे आलम, कांस्टेबल अश्वनी कुमार भारती तथा महिला कांस्टेबल सुनिता साहनी शामिल थी ने थाना दीदारगंज क्षेत्र के बेलवाना, एसबीएस ईंट भट्ठा एवं मार्टिनगंज बाजार स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।


अभियान के दौरान कुल सात बाल श्रमिकों को काम करते हुए पाया गया। मौके पर बच्चों के परिजनों को बुलाकर सेवायोजकों और अभिभावकों को भविष्य में बालश्रम न कराने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के विरुद्ध श्रम विभाग द्वारा अधिनियम उल्लंघन को लेकर नियमानुसार नोटिस जारी की गई।
संयुक्त टीम ने दुकानदारों एवं आमजन को बालश्रम निषेध को लेकर जागरूक किया तथा सार्वजनिक स्थलों, मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट-ढाबा, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों एवं गैराजों पर बालश्रम निषेध से जुड़े पोस्टर चस्पा किए।