रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर सोमवार शाम नेहरू हाल सभागार में आयोजित राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी व विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। अगर आयोग की गलती से कोई विधायक जीता है तो विपक्ष को चाहिए कि इस्तीफा देकर साबित करे। पूजा पाल प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि योगी सरकार में उनके पति के हत्यारों को सजा मिली, जबकि सपा सरकार ने उसी आरोपी को एमएलसी बना दिया था। यही सच समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।
उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने न तो रोहिणी आयोग और न ही सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट पर सदन में कभी चर्चा की। सपा सरकार ने पिछड़े वर्ग के लिए न तो IAS–PCS कोचिंग खोली और न ही गरीबों के लिए ठोस पहल की।
मंत्री ओपी राजभर ने दावा किया कि एनडीए सरकार ने प्रदेश के 18 मंडलों में गरीब बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय खोले हैं। जल्द ही मदरसा बोर्ड में यूपी बोर्ड, ICSE और CBSE की तरह पठन-पाठन की व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही अब मदरसों में नियुक्तियां भी आयोग से होंगी।
