रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। सिविल कोर्ट परिसर में मुकदमे में एक प्रतिवादी को जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज करने की घटना सामने आई है। यह घटना तब हुई जब पीड़ित आनंद यादव, निवासी नरौली (थाना सिधारी), आज़मगढ़ सिविल मुकदमे की तारीख जानने कोर्ट परिसर पहुंचा था। धमकी से भयभीत पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आनंद यादव ने शहर कोतवाली में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका एक सिविल मामला न्यायालय में विचाराधीन है। वह बुधवार को पेशकार से अगली तारीख लेने के लिए कोर्ट परिसर पहुंचा था। तभी वहां पहले से मौजूद विपक्षी पक्षकारों ने उसे देखते ही गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने न केवल उसे अपशब्द कहे, बल्कि हाथ-पैर तोड़कर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना से भयभीत आनंद यादव ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि विपक्षियों की आपराधिक प्रवृत्ति पहले से ही रही है और उन पर पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में उसे अपनी जान-माल की गंभीर चिंता है। उसने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की भी गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजनरायण पांडेय ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। यदि पीड़ित की तहरीर प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
