आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के सिधारी हाल्ट के पास बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक भयावह हादसा हुआ। गोदान एक्सप्रेस से आजमगढ़ से मऊ जा रहा एक युवक अचानक ट्रेन से गिर गया और उसकी चपेट में आने से सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि एक हाथ और एक पैर भी कट गए। घटना के तुरंत बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर सिधारी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के पास से लोकमान्य तिलक से मऊ का टिकट, एक मोबाइल और बैग मिला। युवक ने मैरून टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास कर रही है।
