आजमगढ़। जिले में पुलिस कर्मियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में चार दिवसीय वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन शुरू हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
सोमवार को जनपद आजमगढ़ के पुलिस लाइन परिसर स्थित ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार को बैज लगाकर सम्मानित किया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात तथा क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन्स द्वारा खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बताया गया कि पुलिस कर्मियों को खेलों के प्रति जागरूक करने एवं उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में जनपद के सभी सर्किल की टीमें, पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन की टीमों सहित कुल आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन्स शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक लाइन्स आजमगढ़ सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
