रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मेहनगर थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने  कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम सक्रिय थी।

थाना मेहनगर में बीते पांच दिसम्बर को एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान मामले में आगे पॉक्सो एक्ट  की बढ़ोत्तरी की गई, जिसके बाद विवेचना  जारी रही।

मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त संदीप विश्वकर्मा की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सोमवार  को उपनिरीक्षक अक्षय सिंह, कांस्टेबल सोनू यादव और महिला कांस्टेबल सुमन यादव की टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर रोडवेज बस स्टैंड, कस्बा मेहनगर से आरोपी को  गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को नियमानुसार हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।