रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।जिले के  गंभीरपुर थाने की पुलिस ने 15-15हजार रुपये की दो इनामी महिलाओं को रविवार की सुबह विषहम मोड़ मंगरावां के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों महिला आरोपी हत्याकांड के मामले में वांछित थीं। थाना प्रभारी बसंत लाल ने बताया कि दोनों आरोपी शाहिदा बानो और तरन्नुम गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर की निवासी हैं। उक्त दोनों आरोपियों की तलाश पुलिस काफी समय से कर रही थी।

गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव निवासी अकील अहमद ने बताया कि घटना 15 अक्तूबर 2022 की है, जब क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद विपक्षियों ने रंजिश में उनके भाई खुर्शीद अहमद की हत्या कर दी। नेयाज अहमद और उनके परिवार के सदस्यों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे खुर्शीद को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।

इस मामले में गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान छह आरोपियों का चालान आठ जनवरी 2023 को न्यायालय में किया गया, लेकिन शाहिदा बानो और तरन्नुम वांचित थीं। उनके खिलाफ 19 नवंबर 2022 को एनबीडब्ल्यू, 19 फरवरी 2023 को कुर्की की कार्रवाई हुई। चार मार्च 2023 को एसएसपी ने दोनों पर इनाम घोषित किया था। एसएसपी हेमराज मीना के निर्देश पर गठित थाना और स्वाट ने अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार किया।