रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज और फर्जी रजिस्ट्रेशन के आधार पर धोखाधड़ी करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की।
बीते 10 जुलाई को संतोष कुमार यादव पुत्र स्व. नन्दलाल यादव निवासी ग्राम चक सेठवल, थाना रानी की सराय ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी द्वारा फर्जी रजिस्ट्रेशन कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। मामले में आवेदक की मां का फर्जी हस्ताक्षर कर बयान जीरह में फर्जी आईडी भी पेश की गई थी। इस संबंध में थाना रानी की सराय पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हुआ।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्ता विद्यावती देवी पुत्री स्व. जहेस, मूल निवासी ग्राम बलिया कल्याण थाना मुबारकपुर, वर्तमान पता मुहल्ला मड़या जयराम (निकट बवाली मोड़ हनुमान मंदिर), थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़, तहसील परिसर सदर में मौजूद है। इसके बाद क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव मय हमराह ने दबिश देकर अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।
