रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़ । जिले की पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दो अलग-अलग मामलों में दुष्कर्म के आरोप में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पहला मामला कोतवाली  महराजगंज का है, जहां  बीते 18 जुलाई वादिनी ने तहरीर दी थी कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री को अमन पुत्र अज्ञात निवासी खानपुर थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ बहला-फुसलाकर भगा ले गया। मुकदमा पंजीकृत होने के बाद विवेचना में पीड़िता की बरामदगी, बयान व मेडिकल परीक्षण से धारा में संशोधन करते हुए अमन पुत्र रामप्यारे निवासी खानपुर, अमन राजभर पुत्र सुरेंद्र राजभर निवासी करमहाडिगुरपुर थाना महराजगंज, तथा विनोद यादव पुत्र विक्रम यादव निवासी सिपार पट्टी थाना अतरौलिया के नाम प्रकाश में आए।  शुक्रवार को थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजत सिंह मय टीम ने अमन पुत्र रामप्यारे और विनोद यादव को देवनपुर पेट्रोल पंप के पास से  गिरफ्तार किया। तलाशी में कोई अवैध वस्तु नहीं मिली,  पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया।

दूसरा मामला थाना बिलरियागंज का है, जहां बीते  24 जुलाई  को 22 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया था कि समशुलवरा पुत्र रियाजुद्दीन निवासी करीमुद्दीनपुर थाना घोसी, जनपद मऊ ने शादी का झांसा देकर पिछले वर्ष से शारीरिक संबंध बनाए और 60-70 हजार रुपये ले लिए। शादी की बात करने पर पीड़िता के पिता से अभद्रता, मारपीट व जान से मारने की धमकी दी गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद  शुक्रवार को उपनिरीक्षक मनीष कुमार विश्वकर्मा मय टीम ने आरोपी को ग्राम कासिमगंज से सुबह गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है।