रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक रंजिश के चलते बहन को बचाने पहुंचे एक भाई ज़की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं।
घटना जीयनपुर थाना क्षेत्र के हरैया गांव की है, जहां 21 जुलाई की शाम करीब 7 बजे पुरानी रंजिश के चलते गांव के कुछ लोगों ने संदीप और मंजू नामक युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले की चीख-पुकार सुनकर पीड़ितों की भाभी माया देवी के पति अजय मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिश की। लेकिन हमलावरों ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। माया देवी, उनका बेटा समीर और अन्य परिजन किसी तरह घायल अजय को बचाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हरैया लेकर पहुंचे। वहां से हालत गंभीर होने के कारण अजय को जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। संदीप और मंजू की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
पीड़िता माया देवी की तहरीर पर थाना जीयनपुर में सुसंगत धाराओं में शैलेश पुत्र रामवृक्ष समेत 11 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। विवेचना का जिम्मा उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य को सौंपा गया है।
जांच के क्रम में 22 जुलाई को उपनिरीक्षक अजय यादव ने अपनी टीम के साथ चन्द्रेश पुत्र बलकरन, सुरेन्द्र पुत्र जयकरन और सुनैना पत्नी सुरेन्द्र को मानिकाडीह चौराहा से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने घटना में प्रयुक्त डंडों की जानकारी दी, जिन्हें मौके से बरामद कर लिया गया। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है ।
