रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के थाना अतरौलिया पुलिस व एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त दो शातिर अपराधियों को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। इन अपराधियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, चार कारतूस तथा कुल 15 किलो 350 ग्राम नाजायज गांजा बरामद किया गया।
अतरौलिया थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा एवं एसओजी प्रभारी मनीष पाल को सूचना मिली थी कि दो बदमाश मोटरसाइकिल से अवैध सामग्री लेकर मदियापार-अहरौला मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम जमीन अगया अंडरपास के आगे चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर ग्राम खदेरुपट्टी के पास बाइक फिसल गई और बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसमें एक बदमाश सचिन पाण्डेय उर्फ आकृति पाण्डेय के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को इलाज हेतु सीएचसी अतरौलिया भेजा गया। दूसरे आरोपी नरसिंह यादव को भी मौके पर गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से .315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस एवं दो बोरियों में क्रमशः 10 किलो 150 ग्राम व 5 किलो 200 ग्राम गांजा मिला।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सचिन उर्फ आकृति पाण्डेय पुत्र रामदयाल पाण्डेय निवासी अचलीपुर थाना अतरौलिया और नरसिंह यादव पुत्र देवनारायण यादव निवासी देवारा तुर्कचारा मोती का पुरा थाना महाराजगंज के रूप में हुई। पुलिस ने इनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है। घायल सचिन के खिलाफ विभिन्न थाने में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अतरौलिया थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश सचिन पांडेय घायल हुआ है, जबकि दूसरा नरसिंह यादव बाइक गिर जाने से घायल हो गया है। इनके कब्ज़े से 15 किलो 350 ग्राम गांजा, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। घायल सचिन पांडेय शातिर अपराधी है और इसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है।
