रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी/ आशीष निषाद
आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव के सिवान में शुक्रवार की सुबह धान काट रहे ग्रामीणों को खेत में मानव कंकाल दिखाई दिया। शरीर के अंग बिखरे हुए थे और पास ही एक साड़ी पड़ी हुई मिली, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय विद्यावती पत्नी रामनिवास मिश्रा चार अक्तूबर को गांव से गुम हो गई थी। सुबह खेत में धान काटते समय ग्रामीणों ने खोपड़ी और हाथ-पैर की हड्डियों के टुकड़े देखे। गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच में ग्रामीणों ने साड़ी की पहचान कर विद्यावती के कंकाल की पुष्टि की। जिनके बाद हड्डियों को एक बोरे में इकट्ठा कर पीएम और डीएनए टेस्ट के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। मृतका के एकलौते पुत्र अरविंद मिश्रा ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया और पीएम के बाद अपनी मां के पार्थिव शरीर का दाह संस्कार करने की इच्छा जताई।
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। संभवतः वह खेत के पानी में डूब गई और उसके शरीर के बाकी अंग कुत्तों और जलीय जीवों द्वारा नोच लिए गए।
थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार ने बताया कि मौके पर कई टुकड़ों में हड्डी और सिर का भाग मिला है। पोस्टमार्टम और डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
