रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र से  सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर में एक कैटर्स कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक राजेंद्र निषाद, उम्र 48 वर्ष, बिरूवापुर गांव निवासी, दो भाइयों और पांच बहनों में बड़े थे। करीब 15 वर्ष पहले उनकी शादी टूट गई थी, जिसके बाद वे अपने भाई के पास रह रहे थे।

राजेंद्र कई वर्षों से कैटर्स का काम कर रहे थे और 4 दिसंबर को दोस्तपुर के एक शादी समारोह में खाना बनाने गए थे। घटना की सूचना सबसे पहले उनके साथ काम करने वाले कैटर्स संचालक जितेंद्र मोदनवाल ने परिवार को दी। मृतक के भाई राकेश की पत्नी सुशीला ने पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर हत्या की आशंका जताई।

सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे, उप निरीक्षक पवन सिंह और उमेश चंद मौके पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रिश्तेदार संजय निषाद ने कहा कि संभव है कि ठंड लगने या किसी अन्य कारण से उनकी मृत्यु हुई हो। वहीं, कैटर्स संचालक जितेंद्र मोदनवाल ने बताया कि शुक्रवार की रात राजेंद्र वहीं सो गए थे और सुबह उन्हें मृत पाया गया।

थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चल सकेगा।