आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब हाइडिल चौराहे के समीप एक दिन पूर्व लापता एक सात वर्षीय बालक का शव बरामद हुआ। सुबह होते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी का बाद अधिकारी भारी पुलिस फोर्स ल साथ मौके पर पहुंचे और घटना की पड़ताल में जुटे है।
मिली जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के सिधारी हाइडल चौराहे से थोड़ी ही दूरी पर गुरुवार की सुबह सात वर्षीय शाज़ेब अली का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक शाज़ेब, सिधारी के पठान टोली निवासी मुकर्रम अली का पुत्र था। वह एक दिन पूर्व से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी और सोशल मीडिया पर भी लापता होने की जानकारी का पोस्ट डाला गया था।
बताया जा रहा है कि परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे और पुलिस भी खोजबीन कर रही थी। इसी बीच गुरुवार की सुबह चौराहे के पास भीड़-भाड़ वाले इलाके में शव बरामद हुआ तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। दुकानों के खुलने के समय अधिक भीड़ होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पाकर एसपी ग्रामीण चिराग जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आधा दर्जन से अधिक थानों की फोर्स तैनात कर दी गई और भीड़ को नियंत्रित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की और घटनास्थल की गहन जांच शुरू कर दी।
फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है ।
