रिपोर्ट; अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र मे सनसनी फैल गई है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी दयाराम बीती रात खाना खाने के बाद लगभग 11 बजे बाहर चारपाई पर सोने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन सुबह जब घरवालों ने उन्हें कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के बड़े भाई राधेश्याम ठाकुरी ने पुलिस को बताया कि पहले दयाराम ने जहर खाकर खुदकुशी का प्रयास किया था, और बाद में फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार का कहना है कि दयाराम किसी मानसिक या पारिवारिक परेशानी में नहीं थे, इसलिए इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है।
थानाध्यक्ष हीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
