रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़ । जिले  के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह गांव में मामूली विवाद  के दौरान एक  युवक को चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया गया। घायल की पहचान 32 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में वाराणसी हायर  सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में  पुलिस सतर्कता बरत रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, बैरिडीह गांव निवासी प्रदीप कुमार बीती रात में अपने बच्चों के लिए बिस्किट और नमकीन खरीदने गांव के ही सत्यदेव की किराना दुकान पर गया था। दुकान पर उसी समय गांव के निवासी आजम और इमलाक आपस में किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे। प्रदीप ने शांति से दोनों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया, लेकिन यह कोशिश उस पर भारी पड़ गई। बताया जा रहा है कि प्रदीप के बीच-बचाव से नाराज होकर दोनों ने उसे पकड़ लिया और दुकान के बाहर ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। 

आरोप है कि दोनों ने मिलकर प्रदीप पर चाकू  से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सौ सैया संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई । मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी लालगंज, देवगांव कोतवाली प्रभारी, बरदह और मेंहनाजपुर थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी फरार हो चुके थे।

इस घटना में पीड़ित की पत्नी ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर  मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। ।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि बैरिडीह गांव में  एक दुकान पर आजम और इमलाक आपस मे मारपीट व झगड़ा कर रहे थे। इसी बीच प्रदीप नामक युवक ने बीच बचाव किया तो दोनों ने प्रदीप को चाकू मार कर घायल कर दिया।  इस घटना में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।