रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में यूपी-112 के तहत आजमगढ़ पुलिस को नई पीआरवी गाड़ियों की सौगात मिली है। इससे जिले में पुलिस रिस्पॉन्स और तेज होगा तथा आमजन को त्वरित सहायता मिल सकेगी।

पुलिस आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली यू0पी0 112 के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ को 11 चार पहिया पीआरवी वाहन (स्कार्पियो) एवं 02 दो पहिया पीआरवी वाहन (पल्सर) आवंटित किए गए हैं। यह आवंटन मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, यू0पी0 112 द्वारा किया गया है।
वर्तमान में जिले में 57 चार पहिया तथा 16 दो पहिया पीआरवी वाहन कार्यरत थे। नए वाहनों के शामिल होने के बाद अब जनपद में कुल 68 चार पहिया एवं 18 दो पहिया पीआरवी वाहन क्रियाशील हो जाएंगे, जिससे आपातकालीन सेवाओं की पहुंच और गति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

मंगलवार को  पुलिस लाइन्स में नवनियुक्त पीआरवी वाहनों का फ्लैग ऑफ कार्यक्रम आयोजित किया गया।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने 11 चार पहिया एवं 2 दो पहिया पीआरवी वाहनों को उनके संबंधित थाना क्षेत्रों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


बताया गया कि इन वाहनों के माध्यम से पुलिस सहायता, अग्निशमन, चिकित्सा सेवा एवं रात्रि सुरक्षा जैसी आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि नागरिक हेल्पलाइन 112 के जरिए किसी भी समय त्वरित मदद प्राप्त कर सकें।
चार पहिया पीआरवी वाहन कंधरापुर, मुबारकपुर, बिलरियागंज, तहबरपुर, अहरौला, सरायमीर, देवगांव, बरदह, मेहनगर, तरवा एवं मेहनाजपुर थाना क्षेत्रों को आवंटित किए गए हैं, जबकि दो पहिया पीआरवी सिधारी और बिलरियागंज थाना को दी गई है।


एसएसपी डॉ0 अनिल कुमार ने बताया कि इन नई पीआरवी गाड़ियों से संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आमजन को तेज और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।