आज़मगढ़। सड़क जाम कर लोक व्यवस्था भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में थाना तरवा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। उचहुआ पुल जाम कांड से जुड़े वांछित अभियुक्तों की तलाश में लगी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

थाना तरवां पुलिस ने सड़क जाम, शासकीय कार्य में बाधा एवं लोक व्यवस्था भंग करने की घटना में वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए सोमवार को उचहुआ क्षेत्र से कुल सात अभियुक्तों को  गिरफ्तार किया।

बताया गया कि एक दिसंबर 2025 को उचहुआ पुल के पास एक सड़क दुर्घटना में युवक की मृत्यु के बाद अभियुक्तों द्वारा शव को सड़क पर रखकर सुबह 06:15 बजे से 10:15 बजे तक जाम लगाया गया था। इस दौरान मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी की गई, जिससे आम जनता, बीमार, बुजुर्गों और बच्चों का आवागमन बाधित हुआ। भीड़ द्वारा राहगीरों से दुर्व्यवहार किया गया और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली गई।
इस मामले में थाना तरवां पर  अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान लगातार दबिश के बाद अभियुक्तों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने कृत्य को स्वीकार करते हुए गलती की माफी मांगी और न्यायालय में पक्ष रखने की बात कही।


गिरफ्तार अभियुक्तों में  तेजबहादुर सिंह पुत्र स्व0 चन्द्रशेखर सिंह, अशोक कुमार सिंह पुत्र स्व0 चन्द्रदेव सिंह, अरुण कुमार सिंह पुत्र भोला सिंहबाला लखन्दर उर्फ बाला पुत्र बुद्धिराम,
आजाद उर्फ अजीत चौहान पुत्र स्व0 सन्तोष चौहान, रामबाबू राजभर पुत्र इन्द्रदेव उर्फ चन्द्रदेव और  रविकान्त सिंह उर्फ रजत पुत्र तेजबहादुर सिंह शामिल है।