रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें खुद को सपा का बूथ अध्यक्ष बताने वाले राजेश यादव ‘रोमियो’ नामक व्यक्ति ने मेंहनगर की सपा विधायक पूजा सरोज पर 15 हजार रुपये कमीशन लेकर लाइट लगवाने का आरोप लगाया।
वीडियो में आरोप लगाया गया कि विधायक के नाम पर स्वीकृत लाइट को पैसे लेकर गोलू यादव के निजी आवास पर लगवा दिया गया, जबकि वह स्थान आम जनता के किसी काम का नहीं है।
वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा कि पूर्व विधायक के कार्यकाल में भी इसी तरह पैसे लेकर लाइटें लगवाई जाती थीं। साथ ही खुद को सपा का बूथ अध्यक्ष बताते हुए उसने पूरे मामले की जांच की मांग की।
इस संबंध में जब मेंहनगर विधायक पूजा सरोज से बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले की कोई जानकारी नहीं है। अगर किसी को शिकायत है तो सीधे सामने आकर बात करे, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि यह सवाल उनसे पूछने के बजाय क्षेत्र की जनता से पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने क्या काम किया है।
वहीं टिकट को लेकर उठ रहे सवालों पर विधायक ने कहा कि उनकी सास काफी पहले से समाजवादी पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता रही हैं, इसी कारण पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया। उन्होंने दोहराया कि लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और यदि कोई व्यक्ति आरोप लगा रहा है तो उसे खुलकर सामने आना चाहिए।
