आज़मगढ़। आयुक्त , खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आज़मगढ़ के आदेश के क्रम में जनपद में रक्षा बन्धन पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराये जाने हेतु खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के छापामार दल द्वारा मेहनाजपुर से शिकायत निस्तारण के अंतर्गत 1 बर्फी, 1 खोया रोल, 1 बेसन लड्डू तथा 1 बर्फी, मेंहनगर चौराहा से 1 खीरमोहन, 1 छेना मिठाई, लखराव पोखरा से 1 कलाकंद, 1 पेड़ा, तिवारीपुर से 1 पेड़ा, मोहब्बतपुर से 1 खोया एवं गंभीरपुर से 1 खीरकदम और 1 बेसन लड्डू का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। कुल 12 नमूने लिए गए।
साथ ही, खाद्य संरक्षा मानक प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा प्रदत्त सचल खाद्य जॉच प्रयोगशाला (Food Safety on wheels) से जनपद में कुल 24 नमूनें मौके पर जांचे गए, जिनमें 4 नमूनें मानक के विपरीत पाए गए। संबंधित कारोबारकर्ताओं को सुधार हेतु निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी लालमणि यादव द्वारा आमजन को खाद्य सुरक्षा की विधियां एवं प्रावधान समझाए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई कि वे बेस्ट बिफोर एवं एक्पायरी डेट जांचें और रंगीन मिठाईयों से परहेज करें।
